पिरड़ी राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र में 14 दिवसीय कोर्स का समापन, 65 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पिरड़ी राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र में 14 दिवसीय कोर्स का समापन, 65 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र
देसी चैनल कुल्लू
कुल्लू। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र पिरड़ी में रविवार को बेसिक राफ्टिंग कोर्स, इंटरमीडिएट कयाकिंग तथा राफ्टिंग गाइड कोर्स का विधिवत समापन किया गया। समापन समारोह में उप निदेशक पर्वतारोहण लुडर सेन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर मुख्यातिथि लुडर सेन ने सभी प्रतिभागियों को कोर्स बैज और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को साहसिक खेलों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों में दक्ष बनाते हैं।
राफ्टिंग कोर्स प्रभारी गीमनर सिंह ने बताया कि राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र पिरड़ी में इस बार कुल 65 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें जिला कुल्लू घाटी के स्थानीय युवाओं के अलावा मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा और शिमला जिलों के प्रतिभागी भी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड, दिल्ली और नेपाल से आए प्रतिभागियों ने भी इस कोर्स में भाग लिया। खास बात यह रही कि भारतीय वायु सेना के दस जवानों ने भी प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
वायु सेना के जवानों ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें नदी से जुड़े राहत एवं बचाव कार्यों की महत्वपूर्ण तकनीकें सीखने का अवसर मिला है, जिनका उपयोग आपातकालीन परिस्थितियों में देश की सेवा के दौरान किया जा सकेगा।
राफ्टिंग केंद्र प्रभारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है और निकट भविष्य में स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होते हैं। उन्होंने बताया कि यह 14 दिवसीय राफ्टिंग कोर्स दो मार्च से 15 मार्च तक आयोजित किया गया था।
इस मौके पर पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी ने सभी प्रतिभागियों को सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के एकमात्र श्वेत लहरों के प्रशिक्षण जल क्रीड़ा केंद्र के रूप में यह संस्थान लगातार राफ्टिंग और साहसिक खेलों का प्रशिक्षण दे रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा





