नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9816484075 , 9459106075 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , सड़क, बिजली और शिक्षा तक, 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में गूंजे तीर्थन घाटी के ज्वलंत मुद्दे। – Desi Channel Kullu

Desi Channel Kullu

देवधरा हिमाचल की धड़कन,संस्कृति और सच के साथ।

सड़क, बिजली और शिक्षा तक, 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में गूंजे तीर्थन घाटी के ज्वलंत मुद्दे।

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

सड़क, बिजली और शिक्षा तक, 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में गूंजे तीर्थन घाटी के ज्वलंत मुद्दे।

देसी चैनल कुल्लू 

1985 की बिजली लाइन बदले सरकार, गुशैनी-पेखड़ी सड़क का भी हो सुधार।

तीर्थन घाटी के सदस्यों ने सड़क, बिजली, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े मुद्दे उठाए।

अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, डेढ़ माह बाद होगी कार्रवाई की समीक्षा।

तीर्थन घाटी गुशैनी/बंजार(परस राम भारती):- जिला कुल्लू के बंजार में शनिवार को उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष तथा समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष राम सिंह मियां ने की। बैठक में उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।

इस बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, लंबित योजनाओं तथा लोगों की समस्याओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने तीर्थन घाटी सहित बंजार क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से समिति के समक्ष रखा।

बैठक में समिति के गैर सरकारी सदस्यों द्वारा तीर्थन घाटी के कई एहम मुद्दों को पटल पर रखा जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुशैनी के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने, बंजार-बठाहड़ सड़क पर जुलाई 2026 से बंद पड़े कार्य को दोबारा शुरू करने तथा नगलाड़ी-शर्ची सड़क की खस्ताहाल स्थिति में सुधार और कार्य में गति लाने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बरनागी से मशयार सड़क को चालू करने, गुशैनी पशु चिकित्सालय में रिक्त पदों को भरने और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को सुचारू बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

पर्यटन सीजन के दौरान होने वाले शोर-शराबे और इससे स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। सदस्यों ने मांग की कि पर्यटन सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

गुशैनी-पेखड़ी सड़क की हालत सुधारने की मांग.

तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत नोहांडा के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान में उपमंडल स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य स्वर्ण सिंह ठाकुर ने गुशैनी-पेखड़ी सड़क मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने समिति के अध्यक्ष को दिए मांग पत्र में बताया कि गुशैनी-पेखड़ी सड़क मार्ग पर करीब 23 कैंचियां हैं, लेकिन कई स्थानों पर नालियां बंद पड़ी हैं। इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर बहता रहता है, जिससे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर लंबी झाड़ियां भी उग आई हैं, जो बसों और छोटी गाड़ियों के शीशों तक पहुंच जाती हैं। इससे कई बार यात्रियों को खरोंच लगने की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर सड़क की नालियों की सफाई करवाने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने की मांग की।

1985 से लगी बिजली की तारें बदलने की मांग.

स्वर्ण सिंह ठाकुर ने गुशैनी से खारूंगचा तक बिछी हाई ट्रांसमिशन (एचटी) बिजली लाइन की पुरानी तारों को बदलने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि इस लाइन के अधिकतर हिस्से में जी-9 तार लगी हुई हैं, जिन्हें वर्ष 1985 में क्षेत्र में बिजली पहुंचने के समय बिछाया गया था। लंबे समय से इस्तेमाल के कारण इन तारों में जंग लग चुकी है और कई बार तार टूटने से लोगों को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि इस बिजली लाइन से नोहांडा और पेखड़ी पंचायतों को बिजली आपूर्ति होती है। पुरानी तारों के कारण दोनों पंचायतों में वोल्टेज की समस्या भी बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि पुरानी तारों को बदलकर उनकी जगह एल्यूमिनियम कंडक्टर लगाए जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति में सुधार हो और लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

एक माह में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश.

समिति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने बैठक में गैर सरकारी सदस्यों द्वारा प्रमुखता से उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का निपटारा एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें और विकास कार्यों को गति प्रदान करें।

उन्होंने करीब डेढ़ माह बाद समिति की दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात भी कही, ताकि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा सके।

अब देखना यह होगा कि 20 सूत्री कार्यक्रम की बैठक में उठाए गए तीर्थन घाटी और बंजार क्षेत्र के इन महत्वपूर्ण जनमुद्दों पर विभागीय स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और इनका धरातल स्तर पर लोगों को कितना लाभ मिल पाता है।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

लाइव कैलेंडर

September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930