एनएचपीसी के 52वें स्थापना दिवस पर पार्बती-III पावर स्टेशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, हिमाचली नाटी और धाम ने मोहा मन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
एनएचपीसी के 52वें स्थापना दिवस पर पार्बती-III पावर स्टेशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, हिमाचली नाटी और धाम ने मोहा मन
देसी चैनल कुल्लू
कुल्लू। एनएचपीसी के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पार्बती-III पावर स्टेशन द्वारा 21 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक हिमाचली नाटी, मनोरंजक खेलों और सामूहिक धाम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पावर स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), हिमपेस्को के जवानों तथा स्थानीय कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ एनएचपीसी गीत के सामूहिक गायन से हुआ। इस अवसर पर जोगिनी माता महिला मंडल बनाहू द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक हिमाचली नाटी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विजेताओं को पावर स्टेशन प्रमुख श्री पंकज गुप्ता ने सम्मानित किया।
समारोह में हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक सामुदायिक भोज ‘धाम’ का भी आयोजन किया गया। सांस्कृतिक संध्या में एनएचपीसी कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के साथ सूत्रधार कला संगम कुल्लू के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर पावर स्टेशन प्रमुख श्री पंकज गुप्ता ने एनएचपीसी की 52 वर्षों की गौरवशाली उपलब्धियों और देश के ऊर्जा क्षेत्र में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने पार्बती-III पावर स्टेशन की उपलब्धियों का श्रेय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों को देते हुए सभी से संगठन की प्रगति में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी अपने परिवारों सहित, सीआईएसएफ और हिमपेस्को के जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने एनएचपीसी की संगठनात्मक एकता, हिमाचली लोक संस्कृति और आपसी भाईचारे की सुंदर झलक पेश की। समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





