राजकीय महाविद्यालय पनारसा में स्वरांजलि कार्यक्रम का भव्य आयोजन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजकीय महाविद्यालय पनारसा में स्वरांजलि कार्यक्रम का भव्य आयोजन
देसी चैनल कुल्लू
पनारसा
राजकीय महाविद्यालय पनारसा के संगीत विभाग द्वारा 21 नवंबर 2026 को वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘स्वरांजलि’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्या, नगवाई वार्ड नंबर-6, श्रीमती विद्या देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्सेम लता एवं मुख्य अतिथि श्रीमती विद्या देवी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। संगीत विभाग की ओर से मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संगीत विभाग की डॉ. पूजा शर्मा ने मुख्य अतिथि, प्राचार्य महोदया, समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं महत्त्व पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम का आयोजन संगीत विभाग की डॉ. पूजा शर्मा तथा डॉ. कविता कटोच द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगीत विभाग की सीआर एवं बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा राखी ने महाविद्यालय की वार्षिक सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्षभर संगीत विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में गजल, हिमाचली लोकगीत, एकल लोकगीत, समूहगान, फिल्मी गीत, राजस्थानी नृत्य, हिमाचली लोकनृत्य एवं फिल्मी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी कला और प्रतिभा का परिचय दिया तथा उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती विद्या देवी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी किसी भी महाविद्यालय के मजबूत स्तंभ होते हैं। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय उनका अपना महाविद्यालय है और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी उनके अपने बच्चे हैं। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की शिक्षा, विकास एवं आवश्यकताओं के लिए वे भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी अंत तक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
अंत में डॉ. मनीष ने मुख्य अतिथि, प्राचार्य महोदया, समस्त अतिथियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस प्रकार स्वरांजलि कार्यक्रम विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं संगीत के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करने वाला एक यादगार आयोजन रहा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





